DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महाकुंभ जा रहे 6 की मौत:सोनभद्र में ट्रक से टक्कर के बाद कार मकान में घुसी, 3 की हालत गंभीर

सोनभद्र, एजेंसी।सोनभद्र में तेज रफ्तार क्रेटा कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग गंभीर घायल हैं। हादसे के समय कार सवार संगम स्नान के लिए महाकुंभ जा रहे थे।

हादसा रविवार देर शाम वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5A पर हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर पास के एक मकान में जा घुसी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पहले घटना की 3 तस्वीरें देखिए…

हादसे के बाद युवक कार में फंस गया, कार को काटकर उसे निकाला गया।

घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे डीएम।

सड़क हादसे में घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को कार से बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस से चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल 2 महिलाओं और पुरुष की हालत गंभीर है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी और डीएम घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उपजिलाधिकारी जिला अस्पताल में घायलों की देखरेख में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। बसंत पंचमी के स्नान के लिए महाकुंभ जा रहे थे। हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version