बलरामपुर,एजेंसी। बलरामपुर के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुंडपान में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने 62 करोड़ रुपए की लागत से विद्युत विस्तार कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना से क्षेत्र के 1077 मजरा टोला के 11,762 परिवारों को बिजली की सुविधा मिलेगी।
मंत्री नेताम ने ग्राम पंचायत डिंडो में 191.51 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का शिलान्यास भी किया। यह छात्रावास क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करेगा।

ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विद्युत विस्तार से ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त रोशनी मिलेगी। किसानों को कृषि कार्य में सुविधा होगी। महिलाओं को घरेलू कार्यों में राहत मिलेगी।
सरकार योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना से पात्र हितग्राहियों को पक्की छत मिली है। जो परिवार इस योजना से वंचित रह गए हैं, उन्हें आवास प्लस सर्वे में शामिल किया जाएगा।
