कोरबा। कोरबा जिले में अवैध सट्टा और जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिला रहे थे।
पुलिस ने उनके कब्जे से 1,350 रुपए नकद के अलावा सट्टा-पट्टी लिखी डायरियां, रजिस्टर, कॉपियां, पेन और मोबाइल में मिले सट्टे से जुड़े स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग जगह दबिश
पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुराना बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में कुछ लोग खुलेआम सट्टा-पट्टी लिखकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान कथित तौर पर सट्टा खिलाते सात लोगों को पकड़ा गया।
सात आरोपियों पर जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पकड़े गए आरोपियों की पहचान चिंटू केवट (21), सुजल चौहान (20), मेवालाल चौहान (38), भानु यादव (21), घासीदास (56), पप्पू सिंह (55) और भंवर सिंह केवट (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पहले भी बस स्टैंड और गांधी चौक में हो चुकी है कार्रवाई
पुराना बस स्टैंड और गांधी चौक के पास इससे पहले भी कोतवाली पुलिस सट्टा-पट्टी के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद इन इलाकों में सट्टे की गतिविधियां जारी रहने की बात सामने आई है।
कोरबा पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध सट्टा, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर सट्टा खिलाने से आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
