कोरबा/जांजगीर। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों में 4 अलग-अलग सड़क हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। कोरबा में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की जान चली गई, बालको के पास पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों की ऑटो पलट गई। हादसे में 2 की मौत हो गई।

कांकेर में नेशनल हाईवे- 30 पर माजदा वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में 2 लड़कों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
इधर जांजगीर-चांपा में कार और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार ग्रामीण बैंक की महिला मैनेजर चला रही थी।
कोरबा में बाइक सवार चिकन लेकर घर लौट रहे थे। इस दौरान हादसा हुआ।
पुलिस ने मृतक के शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों चक्काजाम कर दिया।
केस- 1, कोरबा में ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर
पहली घटना कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक अरदा के रहने वाले प्रकाश (24) खेती-किसानी करता था। सोमवार को घर पर छठी कार्यक्रम था। ऐसे में वह चाकाबुड़ा के रहने वाले बबलू (20) के साथ चिकन लेने गया था।
वापसी के दौरान जवाली-चाकाबुड़ा रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार प्रकाश और बबलू को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जो रात 12:30 बजे तक जारी रहा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात के समय अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर तेज रफ्तार से चलते हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, तक जाकर उन्होंने जाम खोला।
फिलहाल, पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बालको में ऑटो पलटने से युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
केस-2, तेज रफ्तार ऑटो बेकाबू होकर पलटी
दूसरी घटना बालको थाना क्षेत्र के अजगरबहार के पास की है। बताया जा रहा है कि खरमोरा निवासी 10 युवक झोराघाट से पिकनिक मनाकर ऑटो से लौट रहे थे। इस दौरान अचानक तेज रफ्तार ऑटो बेकाबू होकर पलट गई।
हादसे में सोनू यादव (20) और सत्यम यादव (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
चारामा में माजदा वाहन की टक्कर से स्कूटी डैमेज हो गई।
केस- 3, माजदा की टक्कर से चारामा में दो मौतें
तीसरी घटना कांकेर के चारामा थाना क्षेत्र की है। दरअसल, देर रात इंद्र किरी (20) अपने दोस्त मुजीब खान के साथ स्कूटी (CG 05 AS 9200) से रतेसरा की ओर जा रहा था। इस दौरान रतेसरा मोड़ के पास सामने से आ रहे एक माजदा वाहन (CG 07 CJ 9146) ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह डैमेज हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। उनके सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
इंद्र किरी और मुजीब खान की फाइल फोटो।
दोनों युवकों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हालांकि, इलाज के दौरान इंद्र किरी ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मुजीब खान को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इंद्र के रिश्तेदारों की शिकायत पर पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और तलाश में जुट गई है।
जांजगीर-चांपा में हुए हादसे में कार महिला चला रही थी।
केस- 4, जांजगीर-चांपा में कार और बाइक में भिड़ंत
चौथी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक अकलतरा-खटोला रोड पर कार और बाइक की आसने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चार युवक सड़क से दूर जा गिरे। वहीं हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह डैमेज हो गया।
इस हादसे में भूपेंद्र धीवर (25) की मौत हो गई, जबकि बुधराम धीवर (35), डेमन धीवर (24), भोलू (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा से बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं मृतक युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक CG-10-AU-1762 नंबर की कार महिला चला रही थी, जो कि ग्रामीण बैंक में मैनेजर हैं और बिलासपुर से बलौदा ड्यूटी पर जा रही थी। वहीं बाइक सवार युवक गांव कोटगढ़ से अकलतरा की ओर आ रहे थे। फिलहाल पुलिस ने कार जब्त कर महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार भूपेंद्र धीवर (25) की मौत हो गई।
