हरियाणा,एजेंसी। भारत की पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर एयर स्ट्राइक के बाद हरियाणा और पंजाब से 11 दिन में 7 पाकिस्तानी जासूस पकड़े जा चुके हैं। पहले 8 मई को मालेरकोटला में 2 जासूस पकड़े गए। 13 मई को पानीपत से नोमान इलाही गिरफ्तार हुआ। इसके बाद पुलिस ने हिसार, नूंह, कैथल और जालंधर से जासूस गिरफ्तार किए।
इन सभी की गिरफ्तारी के बाद कुछ कॉमन चीजें सामने आई हैं। जिसमें जासूसी के 6 आरोपियों का वीजा को लेकर नई दिल्ली में पाकिस्तानी एंबेसी से संपर्क हुआ। हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के तो पाकिस्तानी एंबेसी अधिकारी दानिश से लिंक तक मिले। इन सभी ने पाकिस्तान की यात्रा भी की। खास बात ये भी है कि ये सभी 20 से 35 साल की उम्र के यानी युवा हैं। इस उम्र में पैसे और हनीट्रैप के लालच से फंसाना आसान है। वहीं सभी मिडिल क्लास फैमिलीज से हैं।
दैनिक भास्कर ने इंटेलिजेंस और पुलिस सोर्सेज से बात की तो पता चला कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही पाकिस्तान से जुड़े लोगों पर नजर थी। इनकी कॉल और चैटिंग को इंटरसेप्ट किया गया तो इनके पाकिस्तानी जासूस होने का पता चला। जिसके बाद इन्हें अरेस्ट कर लिया गया।
इन्होंने जासूसी कैसे की, कौन सी खुफिया सूचना पाकिस्तान को दी, बदले में क्या मिला, दैनिक भास्कर ने पुलिस और इंटेलिजेंस सोर्सेज से पूरी जानकारी खंगाली।
