रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने 2 ट्रक से करीब 700 किलो गांजा जब्त किया है। जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए से अधिक है। 4 तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। भखारी इलाके में यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक, DRI की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, 2 ट्रकों के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने पुराने धमतरी रोड पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान आंध्र प्रदेश पासिंग के 2 संदिग्ध ट्रक वहां से गुजरते दिखाई दिए।
टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रकों में लोहे के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजा आंध्र प्रदेश से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
DRI की टीम ने 700 किलो गांजा जब्त किया है।
गांजा आंध्र प्रदेश से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
ऊपर लोहा, अंदर छिपाया था गांजा
तस्करों ने जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए अलग तरीका अपनाया था। दोनों ट्रकों में ऊपर से लोहा भरा हुआ था, जबकि उसके बीच गांजा छिपाकर रखा गया था। बाहर से देखने पर ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आ रहे थे।
चार तस्कर हिरासत में
DRI ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है। हिरासत में लिए गए चारों तस्करों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि, गांजा आंध्र प्रदेश में कहां से लाया गया था। महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। अधिकारियों को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे बड़ा नेटवर्क हो सकता है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
