मथुरा,एजेंसी। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 8 बसें और 3 कारें भिड़ गईं। टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई। भाजपा नेता समेत 13 लोगों की जलकर मौत हो गई। 70 लोग घायल हैं। मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि बसों में कटे हुए अंग मिले हैं। पुलिस ने इन्हें 17 पॉलिथीन बैग में भरकर ले गई है। अब डीएनए टेस्ट से इनकी पहचान की जाएगी।
हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF के 50 जवानों और 9 थानों की पुलिस ने 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर 3 किमी लंबा जाम लग गया था। हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ADM प्रशासन अमरेश जांच का नेतृत्व करेंगे। 2 सदस्यीय जांच समिति का भी गठन किया गया है।
टक्कर के बाद राहगीर ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि टक्कर के बाद ऐसा लगा जैसे बम फटा हो। लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे। थोड़ी देर में बसें जलकर राख हो गईं। हमने बस से 8–9 लाशें निकालीं। आरोप है कि रेस्क्यू करीब एक घंटे बाद शुरू हुआ।
घायलों को 11 एम्बुलेंस से मथुरा जिला अस्पताल और वृंदावन संयुक्त जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बसों से पुलिस ने खरोच-खरोच कर शवों को उठाया। वहीं, सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया। हादसे की जांच के लिए 4 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। 48 घंटे के अंदर टीम रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
कैसे हुआ हादसा एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। माइलस्टोन 127 पर अचानक स्लीपर बस के सामने धुंध आ गई। इसके चलते ड्राइवर ने ब्रेक मारकर स्पीड धीमी की। इसके बाद पीछे चल रही 6 बसें और 4 कारें आकर भिड़ गईं। टक्कर से एसी बस में आग लग गई। लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे की तस्वीरें …
कोहरे के चलते गाड़ियों की भिड़ंत हुई। टकराते ही गाड़ियों में आग लग गई।
आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए हैं।
DM और SSP समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस, फायर ब्रिगेड, NHAI और SDRF के जवान रेस्क्यू में जुटे हैं।
हादसे में गाड़ियां पूरी तरह से जलकर राख हो गई हैं।
सुबह कोहरा छटने के साथ ही एक्सप्रेस-वे पर राख ही राख दिखाई देने लगी। आग पर काबू पा लिया गया है। मलबा हटाने का काम जारी है।
बस पूरी तरह से जल चुकी हैं। आसपास मलबा ही मलबा फैला है।
हादसे की जांच समिति में 2 सदस्य बढ़ाए

मथुरा हादसे को लेकर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर गठित जांच समिति में 2 सदस्य बढ़ाए गए हैं। इसमें यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के परियोजना महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह भाटी और जेपी इंफ्रा लिमिटेड महाप्रबंधक (ऑपरेशन) आनंद सिंह को भी शामिल किया गया है। इससे पहले कहा गया था कि ADM प्रशासन अमरेश जांच करेंगे।
