DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिलासपुर जोन से चलेगी 8 होली स्पेशल ट्रेनें:छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत 7 राज्यों के यात्रियों को मिलेगी सुविधा, दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग मेमू रहेगी बंद

बिलासपुर,एजेंसी। होली पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से 14 फेरों के लिए 8 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 56 फेरों की होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

इससे छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार जैसे सात राज्यों के यात्रियों को कंफर्म बर्थ की सुविधा मिलेंगी। जबकि रेलवे ने होली के दिन दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच होली मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन को नहीं चलाने का फैसला लिया है।

दरअसल, होली के मौके पर बाहर काम करने वाले लोगों के घर लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। इसके कारण ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। हालात यह हैं कि नियमित रूप से चलने वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 250 से 300 तक पहुंच गई है।

वहीं, कई ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है और पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। ऐसी स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को राहत देने और कंफर्म बर्थ की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।

छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार जैसे सात राज्यों के यात्रियों को कंफर्म बर्थ की सुविधा मिलेंगी।

छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों के यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रेलवे प्रशासन ने बताया कि दुर्ग, बिलासपुर और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों से इन होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को दिल्ली, पटना, छपरा, मधुबनी, हजरत निजामुद्दीन, चर्लपल्ली सहित देश के विभिन्न महत्वपूर्ण गंतव्यों के लिए अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इन ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य होली के अवसर पर बढ़ी हुई भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों को अधिक से अधिक कन्फर्म बर्थ के साथ सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा प्रदान करना है।

स्पेशल ट्रेनों में लगेंगे 22 कोच

इन स्पेशल ट्रेनों में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसएलआरडी, जनरल, स्लीपर, एसी-III, एसी-III इकोनॉमी, एसी-II तथा जनरेटर कार शामिल हैं। ट्रेनें राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेंगी।

Exit mobile version