DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

8 साल का बच्चा ट्रांसफार्मर की चपेट में आया:कोरबा में पतंग निकालने के दौरान झुलसा, निजी अस्पताल में भर्ती

कोरबा। कोरबा के अटल आवास (एमपी नगर) में गुरुवार दोपहर एक 8 वर्षीय बालक बिजली के खुले तारों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घायल बालक की पहचान अरहान खान के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अरहान स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी नजर ट्रांसफार्मर के पास फंसी एक पतंग पर पड़ी। पतंग निकालने के लिए जैसे ही वह पास पहुंचा, उसका शरीर खुले तारों के संपर्क में आ गया।

चश्मदीदों के अनुसार, तार के संपर्क में आते ही चिंगारियां निकलने लगीं और बालक वहीं चिपक गया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे तारों से अलग किया और अस्पताल पहुंचाया।

पतंग लेने के चक्कर में विद्युत तार से चिपका

बालक के रिश्तेदार साहिल खान ने बताया कि अरहान स्कूल से घर जा रहा था और उसके स्कूल बैग टंगा हुआ था। अचानक उसकी नजर पतंग पर पड़ी और वह ट्रांसफार्मर की ओर चला गया, जहां वह विद्युत तार की चपेट में आने से चिपक गया। उसे किसी तरह निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस घटना के बाद कॉलोनी के निवासियों में भारी गुस्सा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के तार लंबे समय से खुले और असुरक्षित छोड़े गए हैं।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

यह इलाका काफी भीड़भाड़ वाला है, जहां चौबीसों घंटे लोगों की आवाजाही रहती है। निवासियों का कहना है कि खुले तारों की वजह से आए दिन मवेशियों की मौत होती रहती है, लेकिन बिजली विभाग ने बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

बालक अरहान को पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अब एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

Exit mobile version