DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायगढ़ में अवैध रेत परिवहन करते 9 ट्रैक्टर जब्त:लगातार मिल रही थी शिकायत, बिना रॉयल्टी कर रहे थे परिवहन

रायगढ़,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध रेत परिवहन की शिकायत मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस ने 9 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इसमें पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। यह मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा को लगातार सूचना मिल रही थी कि सरायपाली क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन हो रहा है।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सरायपाली बाजार चौक पर रेत लदे ट्रैक्टरों को रोककर जांच की। जांच में 9 ऐसे ट्रैक्टर पकड़े गए जो बिना रॉयल्टी के रेत ले जा रहे थे। चालक से रेत से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन किसी के पास रॉयल्टी या अन्य आवश्यक कागजात नहीं थे।

इस पर पुलिस ने सभी ट्रैक्टर जब्त कर थाने ले आई। मामले में धारा 106(1) BNS के तहत कार्रवाई की गई और खनिज विभाग को भी सूचना दी गई है।

पकड़े गए चालक

पुलिस ने बताया कि गुरदा के धनेश्वर निषाद, बरभौना के तरुण कुमार डनसेना, लेखराम राठिया, लाल कुमार पटेल, दिलेश्वर डनसेना, भीमा डनसेना, शेखरचंद डनसेना, धनंजय डनसेना और कुकरीचोली के पवन कुमार राठिया को गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी कार्रवाई जारी

पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि रेत के अवैध परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी। उच्च अधिकारियों को सूचित कर जांच अभियान चलाया गया, जिसके तहत बिना रॉयल्टी के रेत परिवहन करते 9 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version