DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में शराबी ड्राइवर चला रहा था यात्री बस:डिक्की में मिलीं 11 बकरियां, बस जब्त,जांच के दौरान खुलासा,अवैध पशु परिवहन पर भी कार्रवाई

कोरबा। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक यात्री बस को जब्त किया। जांच में बस चालक शराब के नशे में धुत मिला, जबकि बस की डिक्की से 11 बकरियां अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाते हुए बरामद की गईं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और अवैध पशु परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

शुक्रवार को थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ पसान मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चला रहे थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पेंड्रा से कोरबा जा रही जय श्री बस सर्विस को रोककर जांच की गई।

ब्रेथ एनालाइजर में चालक नशे में मिला

जांच के दौरान चालक का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें वह अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया। बस में मौजूद यात्रियों ने भी पुलिस को बताया कि चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया गया।

डिक्की में ठूंसकर भरी थीं 11 बकरियां

बस की डिक्की की तलाशी लेने पर पुलिस को 11 बकरियां अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरी हुई मिलीं। पूछताछ में पता चला कि एक यात्री इन्हें अवैध रूप से ले जा रहा था और परिवहन के लिए अलग से पैसे भी दिए गए थे। पुलिस ने पशु क्रूरता और अवैध पशु परिवहन के मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

अभियान रहेगा जारी

थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों और अवैध पशु परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version