DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

डिब्बे में डीजल ले गया लौटाने के विवाद में मारपीट

कोरबा/गेवरा-दीपका। दीपका जिले में किसी तरह की किल्लत नहीं होने के प्रशासनिक दावों के बावजूद पेट्रोल पंप में डिब्बे और बोतल में पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जा रहा है। इसके बावजूद 6 हजार रुपए का डीजल जबरन डिब्बे में भरवाकर ले गया। इस डीजल को लौटाने की बात को लेकर पंप के मैनेजर और संबंधित व्यक्ति के बीच मारपीट हो गई। घटना आधी रात की है। गोपीचंद पेट्रोल पंप दीपका में शिवम शर्मा और संजू शर्मा ने मारपीट की। गोपीचंद पेट्रोल पंप दीपका के मैनेजर केसर खान पिता स्व. अंसार अहमद खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह काम करके 18 मई के रात 11 बजे अपने घर चला गया था। काउंटर का काम करने वाले रामकुमार व कीर्ति कुमार जगत ने मोबाइल से रात 12.50 बजे बताया शिवम जबरन जरीकेन लेकर आया और गाली-गलौज की। केसर खान से बात होना कहकर 6 हजार रुपए का डीजल लेकर चला गया।

सूचना पर केसर खान पेट्रोल पंप पहुंचा और अपने कर्मचारियों को बोला िक डब्बा, जरीकेन में तेल देना मना है और शिवम के मोबाइल में कॉल कर डीजल वापस देने को बोला। शिवम गाली देने लगा और आकर बताता हूं, कहकर कुछ समय में आया और गाली देने लगा। मना करने पर मारपीट की। केसर के गले में मौजूद सोने के चैन मारपीट से टूटकर गिर गई। कुछ देर में अकाउंटेंट सत्यम भी आया, उससे भी गाली-गलौज की गई। केसर खान की रिपोर्ट पर शिवम शर्मा व संजू शर्मा के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। इसी तरह शिवम शर्मा पिता संजीव शर्मा, (30) निवासी दीपका कॉलोनी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात 1.30 बजे गोपीचंद पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर केसर व अकाउंटेंट सत्यम ने उससे मारपीट की है। रात 12.30 बजे वह अपनी गाड़ी के लिए डीजल लेने कैन लेकर पंप में गया। 8 हजार रुपए का डीजल लेने की बात पर दोनों ने मिलकर मारपीट की। डंडा से केसर खान ने मारपीट की और सोने की चेन टूटी गई है। शिवम शर्मा की रिपोर्ट पर केशर खॉन, सत्यम के विरुद्ध जुर्म दर्ज किया है। सीसी फुटेज में पेट्रोल पंप में दोनों पक्ष मारपीट करते हुए नजर आ रहे।

Exit mobile version