DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महाअष्टमी पर सर्वमंगला देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


कोरबा । मां सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में चैत्र शुक्ल अष्टमी शनिवार 05 अप्रैल को मां महागौरी स्वरूपा आदिशक्ति जगत जननी मां सर्वमंगला की पूजा अर्चना एवं दर्शन करने अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और मंदिर परिसर जहां खचा-खच भरा हुआ था, वहीं श्रद्धालुओं की लंबी लाईन बनी हुई थी। महाअष्टमी होने के कारण कुछ ज्यादा ही लंबी लाईन बनी हुई थी। मां महागौरी स्वरूपा की पूजा अर्चना करने अलसुबह से ही हजारों श्रद्धालु मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भोग के रूप में सूजी का हलवा एवं फल का भोग लगाया। महागौरी की पूजा से धन की प्राप्ति होती है, इस आशय से श्रद्धालुओं ने महागौरी स्वरूपा मां सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया और परिवार समाज की खुशहाली की कामना की।

8 हजार 850 ज्योतिकलशों से जगमग माता का दरबार


मां सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में कलश कक्षों में 8 हजार 850 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित हो रहे हैं। ज्योतिकलशों से परिसर में अजीब सी आभा बिखर रही है और चारों तरफ प्रकाश पूंज फैल रहा है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। राजपुरोहित पंडित नमन कुमार पांडेय ने बताया कि कोरबा, छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों एवं विदेशों से भी श्रद्धालू आकर मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करा रहे हैं।

आज हवन-पूजन
आज महाअष्टमी पर मां सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में ज्योतिकलश की अंतिम पूजा अर्चना के साथ हवन पूजन किया जाएगा।
06 अप्रैल को जवांरा विसर्जन
06 अप्रैल की संध्या बेला में मंदिर परिसर में स्थापित जवांरा कलश का विसर्जन पूजा अर्चना के साथ जीवनदायिनी मां हसदेव नदी में किया जाएगा।

Exit mobile version