कोरबा/छुरीकला। नगर के सुदर्शन देवांगन के निवास पर कुल देवी माता परमेश्वरी देवी की चिंत पूजा का चार दिवसीय आयोजन देवांगन समाज ने किया। पूजा का शुभारंभ शनिवार को हुआ था। मंगलवार को देवी परमेश्वरी की जल भरण शोभायात्रा निकाली गई। भजन-कीर्तन मंडली द्वारा स्थापित की गई देवी स्थल से शोभायात्रा निकाली गई।
जल भरण शोभायात्रा में देवांगन समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल रहे। समाज के लिए यह शोभायात्रा आस्था व उल्लास का केन्द्र रही। चार दिवसीय कुल देवी की पूजा के दौरान नगर के भजन जस गीतकारों ने चार दिनों तक लगातार माता सेवा के जस गीतों का आयोजन किया। कुल देवी पूजा में पहले दिन शनिवार को परमेश्वरी माता की बैठकी की बैगाओं ने विधिपूर्वक पूजा की। दूसरे व तीसरे दिन रविवार और सोमवार को माता सेवा भजन जस गीतों का आयोजन स्थानीय कलाकारों ने किया। मंगलवार को माता की बैठकी हुई, जहां से जल भरण के लिए कलश शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा रहस बाड़ा चौक से मुख्य मार्ग इंदिरा चौक, बस स्टैंड, लैनपारा होते देवरहा तालाब गई, जहां कलश में जल भरकर शोभायात्रा वापस बैठकी स्थान पर पहुंची। यहां बैगाओं ने विधिवत पूजा कर घट स्थापति किया। इस दौरान माता की शोभायात्रा के दर्शन के लिए देवांगन समाज के अलावा अन्य समाज के लोगों की भीड़ लगी रही। कुल देवी की पूजा में राज्य के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन भी शामिल हुए। कुल देवी के समक्ष मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
