DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

आधार ऑपरेटर्स को मिली नए सॉफ्टवेयर की ट्रेनिंग:UC यूनिवर्सल क्लाइंट से होगा ऑनलाइन नामांकन, जीपीएस डिवाइस की अनिवार्यता खत्म

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में 6 अगस्त को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद और आधार एजेंसी चिप्स के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ट्रेनिंग कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के आधार ऑपरेटरों को नए सॉफ्टवेयर वर्जन ‘यूसी यूनिवर्सल क्लाइंट’ के बारे में जानकारी दी गई। ऑपरेटरों को बताया गया कि 0-5 वर्ष और उससे अधिक उम्र के हितग्राहियों का आधार नामांकन और अपडेट कैसे किया जाता है।

ई-जिला प्रबंधक सुनील कुमार साहू ने बताया कि प्रशिक्षण में आधार नामांकन और अपडेशन के लिए यूआईडीएआई द्वारा जारी दस्तावेजों की सूची के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही तकनीकी समस्याओं और नामांकन के समय ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

रियल टाइम में वेरिफिकेशन आसान होगा

नए वर्जन यूसी की विशेषता यह है कि इससे ऑनलाइन नामांकन किया जा सकेगा। इसमें जीपीएस डिवाइस की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। इससे निरस्त आवेदनों की संख्या में कमी आएगी और रियल टाइम में दस्तावेज वेरिफिकेशन आसान हो जाएगी।

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद के प्रोजेक्ट मैनेजर खुर्शीद आलम खान ने ऑपरेटरों को निर्देश दिया कि वे इस नए वर्जन का उपयोग करें और दस्तावेजों की सही जांच के बाद ही आधार नामांकन करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र चौधरी, सक्ती जिले के ई-जिला प्रबंधक दुष्यंत सोनी और अलग-अलग आधार ऑपरेटर्स उपस्थित थे।

Exit mobile version