DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में एसी कॉपर पाइप चोरी:प्रेस कॉम्प्लेक्स से लेकर दुकानों तक निशाना,पुलिस बोली- पकड़े थे चोर, फिर भी चोरी

कोरबा। कोरबा में गर्मी बढ़ने के साथ ही एसी कॉपर पाइप चोरी करने वाले गिरोह फिर सक्रिय हो गए हैं। शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार होते ही घरों, दुकानों और दफ्तरों के बाहर लगी एसी यूनिट चोरों के निशाने पर आ गई हैं। पुलिस गश्त के बावजूद लगातार हो रही वारदातों से लोगों में नाराजगी है।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित प्रेस कॉम्प्लेक्स में पिछले एक महीने के भीतर एक ही दफ्तर से दो बार एसी के कॉपर पाइप चोरी हो चुके हैं। वहीं टीपी नगर क्षेत्र के एक अन्य कार्यालय से चोर पूरी आउटडोर यूनिट ही उठाकर ले गए।

भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं वहीं चोर AC के कॉपर पाइप चुरा रहे हैं

प्रेस कॉम्प्लेक्स में एक महीने में दो बार चोरी

हैरानी की बात यह है कि इन इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। चेहरे पर गमछा बांधकर आने वाले बदमाश कुछ ही मिनटों में पाइप काटकर फरार हो जाते हैं।

कोसाबाड़ी कॉम्प्लेक्स भी निशाने पर

कोसाबाड़ी कॉम्प्लेक्स में भी चोरों ने आधा दर्जन से ज्यादा दुकानों के एसी से कॉपर वायर और पाइप पार कर दिए। दुकानदारों ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस से की है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

चोर बैक-टू-बैक कुछ जगहों से AC के कॉपर पाइप चुरा रहे हैं

700 रुपये के लिए 8 हजार का नुकसान

चोर एसी के करीब तीन फीट तक कॉपर पाइप काटकर ले जाते हैं। कबाड़ी दुकानों में इन्हें बेचने पर उन्हें मुश्किल से 700 रुपये मिलते हैं, लेकिन पीड़ितों को गैस लीक होने, वायरिंग और मरम्मत में 8 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है।

पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

कुछ समय पहले पुलिस ने एसी कॉपर पाइप चोरी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्यों को पकड़ने का दावा किया था। बावजूद इसके शहर में चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में नियमित गश्त के दावे किए जाते हैं, लेकिन चोर लगातार वारदात कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Exit mobile version