कलेक्टर ने की लगभग 164 शेष योजनाओं की ग्रामवार समीक्षा, इंजीनियरों-ठेकेदारों से की वन-टू-वन चर्चा
पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
दूरस्थ एवं आदिवासी बहुल गांवों के प्रत्येक परिवार तक नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित करें
कोरबा, 29 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए हर घर जल योजना के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में लगभग 164 शेष योजनाओं के कार्यों की ग्रामवार समीक्षा करते हुए संबंधित इंजीनियरों- ठेकेदारों से वन-टू-वन चर्चा की तथा कार्यों की वर्तमान प्रगति और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री दुदावत ने ठेकेदारों को आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आगामी तीन माह तक कार्यों में विशेष तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोत, विद्युत कनेक्शन एवं सौर ऊर्जा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल विभागीय अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समस्याओं का समय पर निराकरण कर योजनाओं को पूर्ण किया जा सके।

कलेक्टर श्री दुदावत ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित करें तथा हस्तांतरित योजनाओं का नियमानुसार भुगतान करें। उन्होंने ठेकेदारों को आश्वस्त किया कि पूर्ण किए गए कार्यों के भुगतान से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने सिंगल विलेज स्कीम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले की सभी 539 योजनाओं को सूचीबद्ध करते हुए उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेडा के अधिकारियों को सौर ऊर्जा से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को निर्माण कार्य पूर्ण होने से पूर्व ही विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए, ताकि विद्युत कनेक्शन के अभाव में योजनाओं का संचालन प्रभावित न हो।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले के दूरस्थ एवं अनुसूचित क्षेत्रों के आदिवासी बहुल गांवों में निवासरत परिवारों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के माध्यम से इन क्षेत्रों के ग्रामीण परिवारों को घर पर ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार गंभीरता और आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में हासिल करते हुए प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, क्रेडा के नीलेश श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
