पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवास पूर्ण करने विशेष अभियान चलाने के निर्देश
वीबी-जी राम जी के तहत हर गांव में हर हाथ को मिले काम
श्रममूलक एवं जल संरक्षण कार्यों को दें प्राथमिकता
कोरबा, 22 सितंबर 2026। सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण हितग्राहियों के आवास हर हाल में पूर्ण कराए जाएं तथा निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सीईओ श्री जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए जनपद पंचायत स्तर के अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों की सतत निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला निरंतर क्षेत्र का भ्रमण कर हितग्राहियों से संपर्क स्थापित करे और निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का निराकरण करते हुए आवासों को शीघ्र पूर्ण कराए। उन्होंने जिला एवं जनपद स्तर के संबंधित अधिकारियों को हितग्राहीवार समीक्षा कर आवास पूर्णता के लिए योजनाबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवास निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि जिले में विशेष अभियान चलाकर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं मैदानी अमला हितग्राहियों के साथ निरंतर संपर्क में रहकर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।
विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ श्री जैन ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में मिट्टीमूलक एवं श्रममूलक कार्यों को प्राथमिकता से प्रारंभ कर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामों में पर्याप्त संख्या में कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक गांव में ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि हर हाथ को काम मिल सके।
उन्होंने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने के साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से अधिकाधिक कार्य प्रस्तावित एवं क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना भी है।
सीईओ श्री जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी के जिला एवं जनपद पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
