DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा हाईवे पर हादसा, पिता की मौत:मां-बेटी घायल, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

कोरबा। कोरबा में कटघोरा-बिलासपुर हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी घायल हुए है। यह घटना 13 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे चैतमा चौकी क्षेत्र के सुंदरा नाला के पास हुई।

चैतमा चौकी प्रभारी अफसर खान के मुताबिक, मृतक की पहचान उदयपुर जिले के केतमा थाना अंतर्गत उमदेवा चौकी क्षेत्र निवासी सुमन साय अगरिया (45) के रूप में हुई है।

वह अपनी पत्नी संगीता अगरिया (42) और 15 वर्षीय बेटी कृष्णा के साथ बाइक (सीजी-15-बीडब्ल्यू-5988) पर पाली के नोनबिर्रा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां से वापस उदयपुर जा रहे थे।

सुंदरा नाला के ऊपर से गुजरते समय एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए।

हेलमेट पहने होने के बावजूद सुमन साय को सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी और बेटी को भी चोटें आईं।

घटना के बाद भागा ड्राइवर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मां-बेटी को तुरंत पाली अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया।

दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

फोरलेन होने के कारण स्पीड से भगाते है गाड़ी

पुलिस के अनुसार, फोरलेन सड़क होने के कारण हाईवे पर वाहन अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। जिले में औसतन हर पांचवें दिन हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है।

Exit mobile version