DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पावर-प्लांट से कॉपर केबल चोरी करते आरोपी पकड़ाया:बाउंड्रीवॉल के पास बैग में छिपाई थी 30 मीटर केबल, कीमत 30 हजार, कोर्ट ने जेल भेजा

कोरबा। कोरबा में अडानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अडानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6 बजे अजीत टंडन प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसे मौके पर पकड़ लिया गया।

शिकायत के बाद शुरू की जांच

शिकायत के बाद उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ में आरोपी अजीत कुमार टंडन (40) ने चोरी की बात बताई। उसकी निशानदेही पर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे एक काले बैग से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई।

आरोपी अजीत कुमार टंडन उरगा के भैंसमा रोड रेलवे क्रॉसिंग का रहने वाला है। पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को दी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कुछ दिन पहले बालको पावर प्लांट से तांबा चोरी कर ले जा रहे दो लोगों को बालको थाना पुलिस ने पकड़ा था। कोरबा पुलिस ने नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।

Exit mobile version