DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में सरकारी खंभे काटकर ले गए आरोपी:कर्मचारी से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पकड़ा

कोरबा। कोरबा जिले में चोरी का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें अज्ञात लोगों ने बायपास रोड पर सरकारी कामकाज के लिए रखे गए लोहे के खंभों को काटा और गाड़ी में रखकर ले गए। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा है। मामला थाना क्षेत्र का है।

वायरल वीडियो में कबाड़ चोरों का एक गिरोह निर्माण स्थल पर पहुंचा। उन्होंने वहां रखे लोहे के पोल काटे। जब एक कर्मचारी ने आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।

इसके बाद वे लोहे के पाइप को गाड़ी में लादकर फरार हो गए। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए थे, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।

कबाड़ चोरी करने के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार।

मामले में आगे जांच जारी – ASP

एडिशनल एसपी ने बताया कि वीडियो के आधार पर कासिम खान और पंकज श्रीवास की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन और चोरी किए गए लोहे के खंभे बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना

जिले में कबाड़ की दुकानें संचालित हो रही हैं, लेकिन चोरी-छिपे कबाड़ का अवैध कारोबार भी जारी है। कुछ समय पहले मुड़ापार स्थित एक कबाड़ दुकान में एसईसीएल के कर्मचारियों द्वारा एसईसीएल के वाहन में कबाड़ बेचते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था।

उस मामले में एसईसीएल ने कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी और दुकान को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। अब यह दुकान फिर से संचालित हो रही है, जिस पर निगरानी की आवश्यकता है।

कोरबा जिले में लंबे समय से कबाड़ और डीजल चोरी के मामलों में कमी आने का दावा किया जा रहा था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से ऐसे मामले फिर से सामने आने लगे हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि संगठित चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो रहे हैं।

Exit mobile version