कोरबा । कोरबा जिले के ग्राम पंचायत मोहरा के आश्रित ग्राम झींका में अवैध रेत खनन के खिलाफ एक्शन लिया गया है। रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने अवैध खनन की शिकायत की थी। विधायक ने मौके पर पहुंचकर तहसीलदार के माध्यम से एक हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की।
ग्रामीणों ने बताया कि रात-दिन ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर के आवाजाही से गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पुल-पुलियों में दरारें आ गई हैं। विधायक ने खनिज विभाग को चेतावनी दी कि अगली बार ऐसी शिकायत मिलने पर जिम्मेदारों पर सीधी कार्रवाई होगी।

एक हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की।
लंबे समय से चल रहा रेत का अवैध कारोबार
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से यहां रेत का अवैध कारोबार चल रहा है। जिले के कई थाना-चौकियों के सामने से ट्रिपर और ट्रैक्टर गुजरते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। वाहन चालकों के लाइसेंस की भी जांच नहीं की जाती।
विधायक ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और खनन माफियाओं पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही गांव की सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत भी जल्द कराई जाएगी।
तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में रेत का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। विभागीय अधिकारी इस स्थिति से अवगत हैं, फिर भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
