जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में महिला और नाबालिगों से जुड़े अपराधों के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने का आरोपी, करीब सात महीने से लापता नाबालिग को बरामद करने के मामले में आरोपी और शादी का झांसा देकर नाबालिग से अपराध करने का आरोपी शामिल है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
युवती का पीछा कर अश्लील टिप्पणी करने का आरोप
पामगढ़ थाना क्षेत्र की एक युवती ने 20 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, झिलमिली निवासी धीरेंद्र खांडेकर (21) लगातार उसका पीछा करता था। आरोप है कि वह सुनसान रास्ते में आते-जाते युवती पर अश्लील टिप्पणी करता और छेड़छाड़ करता था।
शिकायत के आधार पर पामगढ़ थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर झिलमिली गांव में दबिश देकर धीरेंद्र खांडेकर को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
7 महीने से लापता नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार
नैला चौकी, थाना जांजगीर क्षेत्र में 31 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को कपन निवासी सुनील कुमार गौतम (20) के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी द्वारा बार-बार यौन शोषण किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद मामले में POCSO एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी सुनील कुमार गौतम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शादी का झांसा देकर नाबालिग से अपराध का आरोप
पामगढ़ थाना पुलिस ने मेऊ निवासी सत्यम दिनकर (22) को राजिम से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। बाद में शादी की बात करने पर वह टालमटोल करता रहा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर नाबालिग का यौन शोषण किए जाने के आरोप सामने आए। पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी की जानकारी जुटाई और राजिम से उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद सत्यम दिनकर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला और नाबालिगों से जुड़े अपराधों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
