जांजगीर-चांपा, एजेंसी। जांजगीर-चांपा जिले में शुष्क दिवस पर अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। मुलमुला पुलिस ने 4.120 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अकलतरा पुलिस ने 104 लीटर अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को पकड़ा। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मुलमुला पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतराम यादव (37), निवासी सोनसरी मोटरसाइकिल में गांजा रखकर बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।
बाइक से ले जा रहा था 4 किलो से ज्यादा गांजा
तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल से अलग-अलग पैकेट में 4.120 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई है। गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अकलतरा में किराना दुकान की आड़ में गुप्त कमरे से 334 नग शराब बरामद
अकलतरा में गुप्त कमरे से 334 नग शराब जब्त
अकलतरा पुलिस ने 2 अक्टूबर को वार्ड क्रमांक 13 में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक प्रकाश भारद्वाज (42) ने अपने घर में चार लोहे के दरवाजों के पीछे बने एक कमरे में शुष्क दिवस पर बिक्री के लिए शराब छिपाकर रखी थी। पुलिस का दावा है कि वह किराना दुकान की आड़ में शराब बेच रहा था।
तलाशी के दौरान देशी प्लेन, देशी मसाला, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर समेत कुल 334 नग शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 104 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 56,560 रुपए बताई गई है।
बिक्री रकम और फ्रिज भी जब्त
पुलिस ने मौके से 28,615 रुपए बिक्री रकम और करीब 10 हजार रुपए कीमत का वोल्टास कंपनी का फ्रिज भी जब्त किया। इस तरह कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 95,175 रुपए बताई गई है। अकलतरा थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क), 39(ग) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
