DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिलासपुर के ब्लड डोनेशन कैंप पर कार्रवाई:कोरबा में बिना अनुमति ‘हेलमेट पाओ’ ऑफर के साथ चल रहा था कैंप, बंद कराया गया

कोरबा। कोरबा जिले में बिलासपुर के निजी ब्लड बैंकों की ओर से बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जा रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने इन आयोजनों पर सख्ती दिखाते हुए हंस वाहनी ब्लड बैंक के कैंप को बंद कराया और आयोजकों को फटकार लगाई। ये कैंप ‘हेलमेट पाओ’ जैसे प्रलोभन देकर रक्त एकत्र कर रहे थे।

कटघोरा और हरदी बाजार क्षेत्रों में ये शिविर लगाए जा रहे थे। नियमानुसार, दूसरे जिले की संस्थाओं या ब्लड बैंकों को कोरबा में कैंप लगाने के लिए जिला सीएमएचओ से अनुमति लेनी अनिवार्य है।

मेडिकल कॉलेज में संचालित ब्लड बैंक के नोडल ऑफिसर डॉ. आरकेएस राठौर ने बताया कि उन्हें बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाने और रक्त इकट्ठा करने की सूचना मिली थी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आयोजकों से जानकारी ली और उन्हें कड़ी फटकार लगाई।

डॉ. राठौर के अनुसार, इससे पहले भी ऐसे नियम विरुद्ध कैंपों के लिए चेतावनी दी जा चुकी थी। कार्रवाई के दौरान लगभग 70 यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका था। कैंप को तत्काल बंद करा दिया गया और चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसा करने पर जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version