DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में जुए के फड़ पर एक्शन, 20 आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख रुपये जब्त, टीआई सस्पेंड

कोरबा पुलिस ने करतला में जुए के बड़े फड़ पर एक्शन लिया

कोरबा। छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कोरबा के थाना क्षेत्र करतला में जुए का एक मेगा फड़ संचालित हो रहा था, खबर है कि यह पुलिस के संरक्षण में संचालित था। जबकि एसपी द्वारा जुआरियों पर कार्रवाई करने के स्पष्ट और कड़े निर्देश हैं। एसपी ने साइबर सेल और दो-तीन थानों की स्पेशल टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई की और करतला थाना के प्रभारी टीआई को सस्पेंड कर दिया है।

कोरबा पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप

करतला में पुलिस ने रेड की बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार जिले के और भी कई क्षेत्र हैं जहां गुपचुप तरीके से जुआ और अवैध कार्य संचालित किये जा रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद अब अवैध कार्य को संचालित करने और करवाने वालों में हड़कंप मच गया है।

सायबर सेल, थाना उरगा और चौकी रजगामार की संयुक्त टीम ने थाना करतला क्षेत्र के भेलवाटार जंगल में जुआ फड़ पर रेड की। कार्रवाई के दौरान जुआ खेलते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 3 लाख 13 हजार रुपये नकद, 29 मोटरसाइकिल, एक कार और 35 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एसपी ने इससे पहले 12 अप्रैल 2025 को अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जुआ जैसे सामाजिक अपराध में शामिल लोगों को चिन्हित कर सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

Kartala Police Station of Korba

कोरबा का करतला थाना

आदेश का पालन न करने पर टीआई सस्पेंड

जुआ जैसी सामाजिक बुराई पर कार्रवाई करने के स्पष्ट आदेश के बावजूद थाना प्रभारी करतला द्वारा जुआ से जुड़े लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी सिद्धार्थ तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह ड्यूटी में लापरवाही को दिखाता है। इसी आधार पर निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा, थाना प्रभारी करतला को 19 दिसंबर 2025 की दोपहर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र कोरबा रहेगा।

Exit mobile version