DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सक्ती के महानदी से अवैध रेत खनन पर कार्रवाई:जेसीबी और तीन हाईवा जब्त, 60 हजार राजस्व हानि पर वाहन मालिक समेत ड्राइवर्स पर FIR

सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में महानदी से हो रहे अवैध रेत खनन और परिवहन पर जिला खनिज विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने ग्राम मिरौनी में छापेमारी कर एक जेसीबी (चेन माउंटेन) और रेत से भरे तीन हाईवा जब्त किए हैं। मामले में बिलासपुर निवासी धीरज साहू समेत संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

खनिज निरीक्षक टुमेश ध्रुव ने हसौद थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 29 जून को सूचना मिली थी कि ग्राम मिरौनी स्थित महानदी में अवैध रूप से रेत निकालकर हाईवा वाहनों से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद खनिज विभाग और हसौद पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

चालक वाहन छोड़कर फरार

दोपहर करीब 1:45 बजे टीम ने महानदी बैराज के नीचे एक पीले-काले रंग की चेन माउंटेन जेसीबी और रेत से भरे तीन हाईवा (CG-11-BV-8492, CG-12-BV-0906 और CG-11-BU-0733) मौके पर खड़े पाए। पुलिस और खनिज अमले को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।

60 हजार के राजस्व नुकसान का अनुमान

जांच में सामने आया कि जेसीबी से महानदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी और हाईवा में भरकर उसका परिवहन किया जा रहा था। इस अवैध खनन से शासन को करीब 60 हजार रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है। जब्त किए गए सभी वाहनों को थाना हसौद परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

सरपंच ने भी दिए बयान

जांच के दौरान ग्राम पंचायत मिरौनी की सरपंच मनटोरी खुटे का बयान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि बिलासपुर के सरकंडा निवासी धीरज साहू महानदी में जेसीबी से अवैध रेत खनन कराकर हाईवा में भरवाकर परिवहन करा रहे थे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

खनिज विभाग के अनुसार बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन और परिवहन खनिज चोरी की श्रेणी में आता है। मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

हसौद थाना प्रभारी विंटन साहू ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Exit mobile version