मुंबई,एजेंसी।एक्टर मुकुल देव का 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनके निधन का कारण अब तक सामने नहीं आया है। मुकुल देव हिंदी, पंजाबी और साउथ फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन जगत में भी सक्रिय थे।
‘सन ऑफ सरदार’ से मिली अलग पहचान
मुकुल देव ने कई बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ में उन्होंने टोनी सिंह संधू का किरदार निभाया था। इस रोल से उन्हें खास पहचान मिली। उन्होंने ‘यमला पगला दीवाना’, ‘R… राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं।

‘सन ऑफ सरदार’ के एक सीन की तस्वीर। मुकुल देव (बाएं), संजय दत्त (बीच में) और विंदु दारा सिंह (दाएं)।
एक्टर राहुल देव के भाई थे मुकुल
मुकुल देव एक्टर राहुल देव के छोटे भाई थे। राहुल ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बीती रात, नई दिल्ली में उनके भाई मुकुल देव ने अंतिम सांस ली। मुकुल अपने पीछे बेटी सिया देव को छोड़ गए हैं।
1996 में टीवी शो से किया था डेब्यू
मुकुल देव का जन्म 17 सितंबर 1970 को नई दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उन्होंने 1996 में टीवी सीरियल ‘मुमकिन’ से एक्टिंग डेब्यू किया। इसमें उन्होंने विजय पांडे का रोल प्ले किया था। वे ‘एक से बढ़कर एक’ शो में भी नजर आए। ‘फियर फैक्टर इंडिया’ के पहले सीजन के होस्ट भी वही थे।
उनका फिल्म में डेब्यू 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ से हुआ था। इस फिल्म में उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा का किरदार निभाया था। बाद में उन्होंने कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया, जिनमें ‘कहानी घर घर की’ और ‘कभी कभी प्यार कभी कभी यार’ शामिल हैं। उन्होंने हिंदी के साथ ही पंजाबी, बंगाली, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु की 60 से अधिक फिल्मों में काम किया।
मुकुल देव ने सुष्मिता सेन के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया था। दोनों 1996 में आई फिल्म ‘दस्तक’ में नजर आए थे।
