कोरबा। कोरबा जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सात ट्रैक्टर जब्त किए हैं। बरपाली क्षेत्र के चिचोली और भैंसामुड़ा रेत घाटों में की गई

गोपनीय सूचना के आधार पर जिला प्रशासन की विशेष टीम ने तड़के सुबह दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चिचोली रेत घाट से चार और भैंसामुड़ा रेत घाट से तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी और उसका परिवहन किया जा रहा था।
जब्त किए गए ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी, बिना नंबर प्लेट, बिना वाहन के कागजात और बिना लाइसेंस के चल रहे थे।
बिना दस्तावेज और रॉयल्टी के चल रहे थे वाहन
जांच में सामने आया कि जब्त किए गए ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी, बिना नंबर प्लेट और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे थे। कई ड्राइवरों के पास वाहन संबंधी जरूरी कागजात और लाइसेंस भी नहीं मिले। नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बरसात से पहले सक्रिय हुए रेत माफिया
प्रशासन को सूचना मिली थी कि बरसात से पहले बड़े पैमाने पर अवैध रेत का भंडारण किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में बढ़ती मांग का फायदा उठाकर रेत माफिया नदियों से चोरी-छिपे रेत निकालकर उसका अवैध परिवहन और भंडारण कर रहे हैं।
टीम को गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई के लिए भेजा गया था।
तड़के दबिश से माफियाओं में मची खलबली
कार्रवाई में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और कोटवार शामिल रहे। सुबह-सुबह की गई इस दबिश की भनक तस्करों को नहीं लग सकी, जिसके चलते कई वाहन मौके पर ही पकड़े गए। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबारियों में खलबली मच गई है।
अवैध खनन पर सख्ती जारी रहेगी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से बताया गया कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को भी अवैध रेत कारोबार पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
