DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा की युवती को लेकर भागा अहमदाबाद का युवक:ऑनलाइन लूडो से हुई दोस्ती, खाना न देने-चांदी की पायल बेचने का आरोप; जयपुर में मिली

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र से 24 साल की एक युवती अचानक लापता हो गई। परिजनों ने चार दिन तक उसकी तलाश की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से बरामद कर लिया।

बताया जा रहा है कि युवती की पहचान ऑनलाइन लूडो गेम खेलते समय अहमदाबाद के एक युवक से हुई थी। युवक उससे मिलने कोरबा आया और उसे अपने साथ लेकर चला गया।

परिजनों के मुताबिक, युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेलती थी। इसी दौरान उसकी बातचीत अहमदाबाद के रहने वाले एक युवक से होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई। आरोप है कि युवक ने युवती को अपने झांसे में लिया और अहमदाबाद से कोरबा आकर उसे अपने साथ ले गया।

परिजनों ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसका फायदा उठाकर युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। युवती अपने पास मोबाइल भी नहीं रखती थी।

जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि युवती की पहचान ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए युवक से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन पता की और चार दिन बाद जयपुर से उसे बरामद कर लिया।

बताया जा रहा है कि युवक ने युवती को अपने साथ ले जाने के बाद ठीक से खाना-पीना भी नहीं दिया। इतना ही नहीं, उसके पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी। पुलिस युवती को सकुशल कोरबा लेकर पहुंची, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसे जयपुर से बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version