DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

AI ने बढ़ाई कर्मचारियों की टेंशन, SAP में 10 हजार लोगों की जा सकती है नौकरी

नई दिल्ली, एजेंसी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल अब दुनिया भर की टेक कंपनियों में बड़े बदलाव ला रहा है। कंपनियां अपने कामकाज को ज्यादा तेज और किफायती बनाने के लिए AI तकनीक अपना रही हैं। इसका असर अब कर्मचारियों की नौकरियों पर भी पड़ने लगा है। जर्मनी की बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP करीब 10,000 या इससे ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने पर विचार कर रही है। अगर यह योजना लागू होती है, तो कंपनी के करीब 10 फीसदी कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। हालांकि, फिलहाल इस प्रस्ताव पर शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है और कंपनी ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

AI के कारण बदल रही SAP की कारोबारी रणनीति

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, SAP अपने बिजनेस मॉडल और कामकाज के तरीके में बड़े बदलाव करने की योजना बना रही है। कंपनी अपने सॉफ्टवेयर कारोबार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को तेजी से शामिल कर रही है। इसके साथ ही क्लाउड आधारित सेवाओं और AI से जुड़े एंटरप्राइज सॉल्यूशंस पर फोकस बढ़ाया जा रहा है।

इसी रणनीति के तहत कंपनी खर्च कम करने और कामकाज की क्षमता बढ़ाने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी का प्रस्ताव अभी चर्चा के दौर में है और इसे कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के सामने औपचारिक रूप से नहीं रखा गया है।

2024 में भी 10 हजार कर्मचारियों की गई थी नौकरी

SAP इससे पहले भी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी कर चुकी है। साल 2024 में कंपनी ने अपने बिजनेस के पुनर्गठन के तहत करीब 10,000 पदों को कम करने का फैसला लिया था। हालांकि, इसके बाद कंपनी ने नई भर्तियां भी कीं, जिससे कर्मचारियों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 1.13 लाख हो गई। अब एक बार फिर करीब 10 हजार या उससे ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है।

मुनाफा बढ़ने के बावजूद छंटनी की तैयारी

दिलचस्प बात यह है कि SAP का वित्तीय प्रदर्शन अच्छा बना हुआ है। कंपनी ने तीसरी तिमाही में 10.3 अरब यूरो का रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 13 फीसदी ज्यादा है।

इस दौरान कंपनी के क्लाउड कारोबार से 6.7 अरब यूरो की कमाई हुई। वहीं, नेट प्रॉफिट भी 11 फीसदी बढ़कर 2.3 अरब यूरो पहुंच गया। इसके बावजूद कंपनी में संभावित छंटनी की खबर ने टेक सेक्टर में चिंता बढ़ा दी है।

CFO ने भी दिए थे कर्मचारियों की संख्या बदलने के संकेत

रिपोर्ट के मुताबिक, SAP के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) डोमिनिक आसम ने हाल ही में संकेत दिया था कि बदलते कारोबारी माहौल में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में बदलाव से इनकार नहीं किया जा सकता।

हालांकि, 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी को लेकर SAP की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती चर्चा के स्तर पर है।

AI से टेक सेक्टर में बदल रहा रोजगार का गणित

SAP का यह संभावित फैसला दिखाता है कि AI अब सिर्फ कंपनियों की तकनीक और सेवाओं को ही नहीं बदल रहा, बल्कि उनके हायरिंग और रोजगार से जुड़े फैसलों पर भी असर डाल रहा है। आने वाले समय में क्लाउड और AI आधारित कारोबार बढ़ने के साथ टेक कंपनियां अपने कर्मचारियों और कामकाज के ढांचे में और बदलाव कर सकती हैं।

Exit mobile version