पहलगाम/नई दिल्ली,एजेंसी। पहलगाम आतंकी हमले (22 अप्रैल) को 12 दिन हो चुके हैं। पाकिस्तान से तनाव के बीच रविवार को एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, PM और एयरचीफ मार्शल के बीच पहलगाम हमले को लेकर बातचीत हुई।
वहीं, पंजाब की अमृतसर पुलिस ने रविवार को 2 जासूसों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि दोनों सैन्य छावनी और एयरफोर्स बेस की इन्फार्मेशन और फोटोज विदेश भेज रहे थे। ये दोनों पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के ऑपरेटिव हैं।
उधर, रूस में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने भारत को न्यूक्लियर अटैक की धमकी दी है। उन्होंने शनिवार को रूसी मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत पाकिस्तान पर अटैक करता है तो इस्लामाबाद पूरी ताकत से जवाब देगा, चाहे वह न्यूक्लियर अटैक ही क्यों न हो।
इस बीच, पाकिस्तान ने लगातार 10वें दिन LoC पर सीजफायर तोड़ा है। पाक सेना ने कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर इलाकों में फायरिंग की है। शनिवार को कुपवाड़ा, उरी और अखनूर के आसपास पाक ने सीजफायर तोड़ा था।
भारत में इमरान और बिलावल का X अकाउंट बैन
भारत में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व मंत्री बिलावल भुट्टो का X अकाउंट बैन कर दिया गया है। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत विरोधी गतिविधियों और बयानों को देखते हुए की गई है। इमरान अभी जेल में बंद हैं।
असम में पाकिस्तान का समर्थन करने पर अब तक 39 लोग गिरफ्तार
असम में पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान का समर्थन करने पर अब तक 39 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि देशद्रोहियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
पाकिस्तान विदेशी मीडिया को LOC पर ले जाएगा
पाकिस्तान का सूचना मंत्रालय आज विदेशी मीडिया को LOC के दौरे पर लेकर जाएगा। पाक इसके जरिए POK में आतंकी कैंप होने के भारत के आरोपों को गलत साबित करना चाहता है। पाक सूचना मंत्रालय ने इसके लिए एक प्रेस रिलीज भी जारी की है।
इसमें कहा गया है कि विदेशी मीडिया को उन जगहों पर ले जाया जाएगा, जहां भारत आतंकी कैंप होने का दावा करता है। पाक ने आरोप लगाया है कि भारत ने LOC पर आतंकी ठिकानों के बारे में निराधार दावे किए हैं।
BSF ने राजस्थान बॉर्डर पर पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया
राजस्थान में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने शनिवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर को हिरासत में लिया। रेंजर पर जासूसी करने का आरोप है। BSF और सुरक्षा एजेंसियां आज उससे पूछताछ करेंगी।
पंजाब में 2 पाकिस्तानी जासूस पकड़े; पुलिस बोली- छावनी और एयरफोर्स बेस की जानकारी भेज रहे थे
पंजाब की अमृतसर रूरल पुलिस ने रविवार को 2 जासूसों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों सैन्य छावनी और एयरफोर्स बेस की संवेदनशील सूचनाओं और तस्वीरों को विदेश भेज रहे थे। इनकी पहचान पलक शेर मसीह और सूरज मसीह के तौर पर हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) से जुड़े ऑपरेटिव से हैं। इनका पाकिस्तान में संपर्क हरप्रीत सिंह उर्फ पिट्टू उर्फ हैप्पी के माध्यम से बना, जो इस समय अमृतसर सेंट्रल जेल में बंद है।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने पहलगाम हमले की निंदा की
जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने दिल्ली में चल रही वर्किंग कमेटी की बैठक में प्रस्ताव पास कर पहलगाम हमले की निंदा की है। संगठन ने कहा कि वह भारत सरकार के साथ खड़े हैं, आतंकियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो।
PAK सीमा पर रहने वाला युवक बोला- हम भारतीय सेना के साथ खड़े हैं
राजस्थान के लॉन्गेवाला बॉर्डर से सटे आखिरी गांव ‘समधे खान की ढाणी’ के निवासी मलिक खान ने कहा, ‘हम इस गांव में पिछले 40-50 सालों से रह रहे हैं। यहां सभी लोग मुस्लिम समुदाय से हैं। जो कुछ भी पहलगाम में हुआ, वह बिल्कुल गलत है। पाकिस्तानी आतंकियों को इसका करारा जवाब मिलना चाहिए।’
उन्होंने कहा कि अगर यहां कुछ होता है, तो हम भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। युद्ध के समय हमारे गांव वालों ने BSF और सेना की पूरी मदद की थी। आज भी अगर जरूरत पड़ी, तो हम सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं।
पाकिस्तानी हैकर्स PDF फाइल भेजकर साइबर अटैक कर रहे
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तानी हैकर्स ने अब साइबर हमलों के जरिए भारतीय यूजर्स को ऑनलाइन फ्रॉड के जाल में फंसाना शुरू कर दिया है। इन हमलों में यूजर्स के कंप्यूटर, लेपटॉप और मोबाइल को निशाना बनाया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ट्रांसपेरेंट ट्राइब’ पाकिस्तानी हैकिंग ग्रुप CrimsonRAT नामक मैलवेयर सॉफ्टवेयर को फैलाने की कोशिश कर रहा है। इनमें ऐसी PDF फाइल भेजी जा रही हैं, जो सरकारी फाइल्स जैसी दिखती हैं, लेकिन इनमें फिशिंग लिंक छिपे होते हैं।
‘पहलगाम आतंकी हमला अपडेट’ जैसे सब्जेक्ट डालकर इन फाइल्स को भेज जा रहा है। इन फाइल्स को खोलते ही हैकर्स सिस्टम में सेंध लगाकर जानकारी चुरा सकते हैं।

