DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट:उत्तरी हिस्से में बिजली गिरने की चेतावनी, अब तक प्रदेश में 17% कम बरसा पानी

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसून फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट भी है।

हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से 17% कम बारिश हुई है। तापमान की बात करें तो रायपुर 32 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आज (9 जुलाई) बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश में अब तक 17% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अभी भी सामान्य से पीछे चल रही है। 1 जून से 8 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 239.2 मिमी (9.4 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 286.7 मिमी (11.2 इंच) होनी चाहिए थी। यानी पूरे प्रदेश में अब तक 17% कम बारिश दर्ज की गई है।

हालांकि कई जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक भीगा है, जहां 450.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से 84% अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा (356.4 मिमी), मुंगेली (324 मिमी), सक्ती (318.2 मिमी), महासमुंद (309.2 मिमी), रायपुर (297 मिमी) और जांजगीर-चांपा (293.3 मिमी) में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है।

सरगुजा में सबसे कम बरसा पानी

सरगुजा में सबसे कम 144.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 53% कम है। इसके अलावा कांकेर (48% कम), जशपुर (43% कम), कोरिया (36% कम), गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (32% कम), मोहला-मानपुर-चौकी (31% कम), कोंडागांव (30% कम), बेमेतरा (29% कम), सुकमा (27% कम) और सूरजपुर (26% कम) में भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।

Exit mobile version