DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

CM आतिशी के सामने चुनाव लड़ सकती है अलका लांबा, कांग्रेस ने तैयार की 28 उम्मीदवारों की लिस्ट

नई दिल्ली ,एजेंसी।दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की बैठक राजधानी दिल्ली में हुई, जिसमें पार्टी ने 35 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। बैठक में कुल 28 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं, जबकि बाकी 7 सीटों पर अभी फैसला नहीं लिया गया और इन्हें पेंडिंग रखा गया है।

आतिशी के सामने अलका लांबा का नाम तय
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के सामने कालकाजी सीट से अलका लांबा का नाम तय किया गया है। यह कांग्रेस CEC की दूसरी बैठक थी, जिसमें विभिन्न सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक में दिल्ली की कुछ अन्य महत्वपूर्ण सीटों पर भी चर्चा की गई, जिनमें सीमापुरी, जंगपुरा, मटिया महल और बिजवासन शामिल हैं। इन सीटों से कांग्रेस ने इन संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया है:

  • सीमापुरी: राजेश लिलोठिया
  • जंगपुरा: फरहाद सूरी
  • मटिया महल: आसिम अहमद
  • बिजवासन: देवेंद्र सहरावत

घोषणापत्र पर काम शुरू
कांग्रेस इन चार सीटों पर इन उम्मीदवारों को मैदान में उतार सकती है। इसके साथ ही, दिल्ली कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र पर भी काम शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी महिलाओं के लिए एक बड़ा वादा कर सकती है, जिसमें हर महीने 3000 रुपए की आर्थिक सहायता और 400 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना शामिल हो सकती है।

नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला जारी
दिल्ली चुनाव से पहले नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला भी जारी है। हाल ही में, आम आदमी पार्टी (AAP) के दो पूर्व नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इनमें असीम अहमद खान और कर्नल देवेंद्र सहरावत शामिल हैं, जिन्होंने केजरीवाल की पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। इसके अलावा, सीमापुरी से राजेंद्र पाल गौतम और सीलमपुर से अब्दुल रहमान जैसे मौजूदा विधायक भी AAP छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

अब्दुल रहमान को कांग्रेस ने सीलमपुर से टिकट दे दिया है, जबकि राजेंद्र पाल गौतम को टिकट मिलने का अभी इंतजार है। कांग्रेस की इन गतिविधियों से साफ दिख रहा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी को लेकर गंभीर है और दिल्ली में अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने के लिए नए कदम उठा रही है।

Exit mobile version