रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर प्यार में फंसाकर करोड़ों रुपए ऐंठने का आरोप लगाने वाले होटल कारोबारी दीपक टंडन को गिरफ्तार किया गया है।
बिलासपुर पुलिस ने फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के मामले में उसे रायपुर से पकड़ा है। दीपक एक न्यूज पोर्टल चलाता है।
आरोप है कि वह AI की मदद से लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करता था। इसके बाद खबरों के जरिए दबाव बनाकर उनसे रुपए वसूलता था।
पुलिस ने दीपक को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं।

होटल कारोबारी दीपक टंडन गिरफ्तार।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं। इससे उनकी छवि खराब करने और उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई।
जांच के दौरान दीपक टंडन (46) की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद टीम ने 6 नवंबर को अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
दो मोबाइल जब्त, बाकी लोगों की भूमिका की जांच
गिरफ्तार आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। उसके मोबाइल फोन पर पोर्टल से जुड़े कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने के बाद दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।
ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोपों, डिजिटल मटीरियल और दूसरे नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या है DSP कल्पना वर्मा केस ?
बता दें कि, रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा में पदस्थ रहीं DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
कारोबारी टंडन का दावा है कि, DSP ने पहले उन्हें लव ट्रैप में फंसाया। फिर शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने ले लिए।
इस बीच DSP कल्पना ने बताया था कि, टंडन ने उनकी सोशल मीडिया से तस्वीरें निकालकर फर्जी चैट्स तैयार किए हैं।
इस मामले में उन्होंने लीगल एक्शन लेने की प्रक्रिया में आगे बढ़ जाने की बात कही थी। वहीं, आरोपों पर कहा कि, ये सिर्फ इसलिए किया गया है, क्योंकि टंडन हमारे पैसे वापस नहीं लौटा पा रहा था।
