DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मुख्य सड़क पर बीम-दीवार बनाकर कब्जे का आरोप:कोरबा वार्ड-14 में लोगों में नाराजगी, 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। कोरबा शहर के अमरैया पारा वार्ड क्रमांक 14 में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध कब्जे को लेकर लोगों में नाराजगी है। मामले को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि 7 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड 14 के मुख्य सार्वजनिक रास्ते पर एक व्यक्ति द्वारा मकान निर्माण के दौरान सड़क पर बीम लगाने, गड्ढे खोदने और दीवार खड़ी करने का आरोप है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मोहल्ले की मुख्य सड़क है, जिस पर रोजाना स्कूली बस, ट्रैक्टर और एंबुलेंस समेत दूसरे वाहन गुजरते हैं।

स्कूल बस, ट्रैक्टर और एंबुलेंस के रास्ते संकरा होने की शिकायत

मुख्य सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण का आरोप

अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा और खतरनाक हो जाने की शिकायत की गई है। लोगों का कहना है कि इससे हादसे का खतरा बढ़ गया है और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

पहले भी शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

वार्डवासियों का आरोप है कि मामले को लेकर पहले भी स्थानीय पार्षद, नगर निगम प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही जा रही है।

‘स्टे के बावजूद निर्माण जारी’

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के शहर अध्यक्ष हरी चौहान ने बताया कि वार्ड 14 के नौधा पंडाल मार्ग पर सार्वजनिक सड़क पर दीवार खड़ी कर मकान निर्माण किया जा रहा है। उनका दावा है कि कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को 3-4 बार आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।

चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि तहसीलदार के स्टे के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने नगर निगम और पार्षद की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

‘पीछे 100-200 परिवार, रास्ता सिर्फ एक’

पार्टी के प्रदेश मंत्री सुरेंद्र प्रसाद राठौर ने कहा कि इस रास्ते के पीछे करीब 100 से 200 परिवार रहते हैं और उनके लिए यही एक प्रमुख रास्ता है। उनका कहना है कि सुनवाई नहीं होने पर वार्डवासी उनके पास पहुंचे थे। राठौर के मुताबिक, नगर निगम आयुक्त ने जल्द कब्जा हटाकर रास्ता ठीक कराने का आश्वासन दिया है।

नगर निगम बोला- जांच के बाद होगी कार्रवाई

नगर निगम अपर आयुक्त पवन वर्मा ने बताया कि वार्ड 14 में अतिक्रमण की शिकायत मिली है। जोहार पार्टी के पदाधिकारी और नागरिक उनसे मिलने आए थे और उन्होंने रास्ता बाधित होने की शिकायत की है। अपर आयुक्त ने कहा कि मामले की उचित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version