DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में धर्मांतरण का आरोप, बजरंग दल ने किया विरोध:चोरी-छिपे घर में प्रार्थना पर विवाद, विरोध पर पास्टर फरार, पुलिस ने शांत कराया मामला

कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम पंचायत तिलकेजा के कलमीभाठा में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यहां एक घर में कथित तौर पर गुपचुप तरीके से प्रार्थना का आयोजन चल रहा था, जिसका ग्रामीणों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह केवल धार्मिक प्रार्थना नहीं, बल्कि धर्मांतरण का खेल था। उनका कहना है कि यह गतिविधि लंबे समय से चल रही थी और ग्रामीणों के कई बार मना करने के बावजूद जारी थी।

यह घटना गांव के संतोष श्रीवास नामक पास्टर के घर पर हुई। आरोप है कि संतोष श्रीवास बार-बार लोगों को अपने घर पर एकत्रित कर कथित धर्मांतरण की गतिविधियों में शामिल थे।

बजरंग दल के विरोध के बीच पास्टर फरार

विरोध के दौरान संतोष श्रीवास के घर पर लगभग 15 से 20 लोग मौजूद थे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के पहुंचने और विरोध तेज होने पर पास्टर मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह विवाद को शांत कराया।

बजरंग दल ने आंदोलन की चेतावनी दी

ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। वहीं, बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि धर्मांतरण की कोशिशें जारी रहीं, तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

उरगा थाना पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक को पहले भी कई बार समझाया था और नोटिस भी जारी किया था। हालांकि, अब तक किसी पक्ष द्वारा कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मकान मालिक को पहले भी जारी किया था नोटिस

इस मामले में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि उरगा थाना प्रभारी ने इससे पहले भी मकान मालिक को नोटिस जारी किया था। जहां बिना सूचना के कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस बार फिर से बिना अनुमति के इस तरह के आयोजन पर 188 की कार्यवाही की जा रही है।

Exit mobile version