सरगुजा, एजेंसी। एलांयस एयर ने पांच माह में ही बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता की फ्लाइट सेवा बंद कर दी है। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन चल रही थी। यात्रियों की कमी के कारण लगातार घाटा होने के कारण सेवा को बंद किया गया है।
एलायंस एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता की सेवाएं एक साथ शुरू की थी। इसमें दिल्ली फ्लाइट का रिस्पांस अच्छा है। कोलकाता फ्लाइट के लिए बिलासपुर और अंबिकापुर से पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे थे। यह सेवा राज्य सरकार की पहल पर शुरू की गई थी।
सरगुजा के दरिमा एयरपोर्ट से उड़ान योजना के तहत फ्लाईबिग ने हवाई सेवा शुरू की थी, लेकिन छह महीने बाद ही यह सेवा बंद हो गई। इसके बाद राज्य सरकार की पहल पर एलायंस एयर ने 30 मार्च से दिल्ली और 1 अप्रैल से कोलकाता के लिए फ्लाइट सेवा शुरू की। इस सेवा को चलाने के लिए राज्य सरकार की ओर से एलायंस एयर को कुछ राशि भी दी जा रही थी।

मार्च से शुरू की गई थी दिल्ली व कोलकाता की हवाई सेवा
पांच माह में बंद करनी पड़ी कोलकाता की उड़ान
एलायंस एयर को फ्लाइट शुरू होने के बाद दिल्ली के लिए तो पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं, लेकिन कोलकाता के लिए यात्रियों की संख्या काफी कम थी। सप्ताह में दो दिन संचालित फ्लाइट में दरिमा से करीब करीब 20 से 25 यात्री ही प्रति सप्ताह सफर कर रहे थे। कई दिन तो सिर्फ दो या तीन यात्री ही चढ़े या उतरे थे।
एलायंस एयर ने लगातार घाटे और सेवा के प्रति लोगों के कम रूझान को देखते हुए बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता और कोलकाता-अंबिकापुर-बिलासपुर सेवा को बंद कर दिया गया है। एलांयस एयर ने कोलकाता फ्लाइट की बुकिंग भी अपनी वेबसाइट पर बंद कर दी है।
एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में फ्लाइट बंद कर दी गई है।
दिल्ली सेवा का रूझान अच्छा
एयरलाइन कंपनी की ओर से सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली के बीच नियमित फ्लाइट संचालित की जा रही है।
सोमवार को फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचती है। वहीं, बुधवार को फ्लाइट सीधे दिल्ली से अंबिकापुर आती है और इसके बाद अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना होती है।
दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में अंबिकापुर से रोजाना करीब 30 से 35 यात्री सफर कर रहे हैं। फ्लाइट का संचालन भी तय समय के अनुसार हो रहा है।
वाराणसी सहित अन्य रूट पर फ्लाइट सेवा शुरू करने की कोशिश
सरगुजा को अन्य शहरों से हवाई सेवा से जोड़ने के लिए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने पहल की है। रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी हवाई सेवा शुरू करने के लिए इंडिगो और एलायंस एयर से चर्चा की जा रही है।
प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी हर दिन बनारस का सफर करते हैं। मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा के डायरेक्टर सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी के साथ पटना और विशाखापट्टनम के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है।
