जांजगीर–चाम्पा। भारतीय टीम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी रावत के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारी, भाजपा नेता, जनसेवक तथा मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने उनसे सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। उन्होंने संजू देवी को विश्व कप में मिले सम्मान और भारत की जीत में दिए गए अमूल्य योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न कबड्डी विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने कुल 35 पॉइंट अर्जित किए, जिनमें से 16 पॉइंट अकेले संजू देवी ने हासिल किए। उनके बेहतर प्रदर्शन ने न केवल टीम को जीत दिलाई बल्कि भारत को अंतरराष्ट्रीय पटल पर मजबूत स्थान दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संजू देवी ने अपनी यात्रा, संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए।
इसी क्रम में अमर सुल्तानिया ने कहा कि संजू जैसी युवा खिलाड़ी पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा हैं। कठिन परिस्थितियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वयं को सिद्ध करना अत्यंत प्रशंसनीय उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि संजू का शांत स्वभाव, निरंतर अभ्यास और मानसिक मजबूती ही उन्हें इस मुकाम तक ले आई है। सुल्तानिया ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां हर क्षेत्र में असाधारण प्रतिभा दिखा रही हैं। संजू देवी की सफलता आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करेगी।
बता दें कि संजू देवी कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार से निकलकर आज भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।
मुलाकात के दौरान अमर सुल्तानिया ने जिला कबड्डी संघ के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों की ओर से संजू देवी को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में वे विश्व स्तर पर भारत का परचम और ऊंचा उठाएँगी।

