DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राजस्थान में अमेरिकी डेलीगेशनः जयपुर में रूबियो ने देखा ऐतिहासिक आमेर किला, भारत की शाही विरासत से हुए हैरान

जयपुर, एजेंसी। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) सोमवार दोपहर राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पत्नी जीनेट रुबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) के साथ ऐतिहासिक आमेर किला (Amer Fort) का दौरा किया। जयपुर पहुंचने के बाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल सीधे आमेर किले पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच रुबियो और उनकी पत्नी ने किले के कई हिस्सों का भ्रमण किया और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखा।

आमेर किला राजस्थान के सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों में गिना जाता है। अरावली की पहाड़ियों पर स्थित यह किला अपनी भव्य राजपूत वास्तुकला, विशाल दरवाजों, नक्काशीदार दीवारों और शाही महलों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है।आमेर किला भारतीय और मुगल स्थापत्य शैली का अद्भुत संगम माना जाता है। लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर से बने इस किले में राजसी वैभव की झलक साफ दिखाई देती है। दौरे के दौरान अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने किले के प्रमुख हिस्सों को देखा, जिनमें प्रसिद्ध शीश महल, दीवान-ए-आम, गणेश पोल और शाही आंगन शामिल हैं।शीश महल अपनी अनोखी कांचकारी और रोशनी के प्रतिबिंबों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि एक छोटा दीपक जलाने पर पूरा महल चमक उठता है।

रुबियो के दौरे को लेकर आमेर किले के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। कई पर्यटक अमेरिकी विदेश मंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने भी इसे जयपुर और राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय पहचान के लिए महत्वपूर्ण बताया। इससे पहले सोमवार सुबह रुबियो ने पत्नी जीनेट रुबियो के साथ आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध Taj Mahal का भी दौरा किया था। वहां उन्होंने ताजमहल को “दुनिया के असली खजानों में से एक” बताया। भारत में अमेरिकी राजदूत Sergio Gor ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए भारत की विरासत और शिल्पकला की प्रशंसा की। रुबियो का यह दौरा उनके चार दिवसीय भारत दौरे का हिस्सा है। वह नई दिल्ली में आयोजित होने वाले Quad Summit में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

Exit mobile version