DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

CGPSC विवाद के बीच 246 पदों पर नई भर्ती:7 डिप्टी कलेक्टर, 21 DSP और 90 एक्साइज के पद, 1 दिसंबर से कर सकेंगे आवेदन

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में CGPSC के विवादों के बीच 246 पदों पर नई भर्ती निकली है, जिसमें आबकारी सब इंस्पेक्टर के सबसे ज्यादा 90 पद, डिप्टी कलेक्टर के 7 और DSP के 21 पोस्ट समेत अलग-अलग पोस्ट शामिल हैं। 17 सेवाओं के लिए अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए दिसंबर 2024 से ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे।

छत्तीसगढ़ सेवा परीक्षा 2024 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। पिछले कुछ सालों से लगातार 26 नवंबर को राज्य सेवा परीक्षा के लिए अधिसूचना जारी की जा रही है। अधिक जानकारी www.psc.cg.gov.in पर देखी जा सकती है।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग।

1 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत

ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक भरे जाएंगे। मुख्य परीक्षा जून में होगी। मुख्य परीक्षा को लेकर कुछ बदलाव होने की संभावना थी, लेकिन इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछली बार जिस पैटर्न पर परीक्षा हुई थी, इस बार भी उसी पैटर्न पर होगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

राज्य सेवा परीक्षा 2024 के तहत डिप्टी कलेक्टर, उप पुलिस अधीक्षक, छग राज्य वित्त सेवा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संचालक (वित्त विभाग), सहायक संचालक (पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग), सहायक संचालक/जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, सहायक संचालक समाज कल्याण विभाग के पद शामिल हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, बाल विकास परियोजना अधिकारी, छग अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी, नायब तहसीलदार, राज्य कर निरीक्षक, आबकारी उप निरीक्षक, उप पंजीयक, सहकारिता निरीक्षक/सहकारिता विस्तार अधिकारी और सहायक जेल अधीक्षक के पद शामिल हैं।

अब तक ये विवाद सबसे ज्यादा चर्चा में

CGPSC 2019 से 2022 तक की भर्ती में कुछ अभ्यर्थियों के चयन को लेकर विवाद है। ईओडब्ल्यू और अर्जुंदा पुलिस ने भ्रष्टाचार-अनियमितता के आरोप में केस दर्ज किया है। PSC ने 2020 में 175 पदों पर और 2021 में 171 पदों पर परीक्षा ली थी। इन्हीं भर्तियों को लेकर ज्यादा विवाद है।

आरोप है कि तत्कालीन चेयरमैन सोनवानी ने अपने रिश्तेदारों समेत कांग्रेसी नेता और ब्यूरोक्रेट्स के बच्चों की नौकरी लगवाई है।

171 पदों के लिए हुई थी भर्ती परीक्षा

CGPSC परीक्षा 2021 में 171 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। प्री-एग्जाम 13 फरवरी 2022 को कराया गया। इसमें 2 हजार 565 पास हुए थे। इसके बाद 26, 27, 28 और 29 मई 2022 को हुई मेंस परीक्षा में 509 अभ्यर्थी पास हुए। इंटरव्यू के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की सिलेक्शन लिस्ट जारी हुई।

18 अभ्यर्थियों के घर CBI रेड भी

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाले में सीबीआई ने छापेमारी शुरू कर दी है। 2021 में जिन 18 अभ्यर्थियों के चयन में धांधली का शक है। उन सभी के घर पर 12 अक्टूबर को छापा मारकर जांच की गई। कुछ अभ्यर्थियों के घरों में 2 दिन तक तलाशी चली है।

अभ्यर्थियों के घर मिले 300 से ज्यादा किताबों और नोटबुक को पढ़ा गया। मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप की जांच की गई। कुछ अभ्यर्थियों के घरों से हार्ड डिक्स और पैन ड्राइव जब्त की गई। अभ्यर्थियों और परिजन के बैंक खाते की जांच की जा रही है।

Exit mobile version