DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अमीन भर्ती-परीक्षा कल…व्यापम ने जारी किया ड्रेस कोड:बिलासपुर के 126 केंद्रों में शामिल होंगे 38000 से अधिक प्रतियोगी, जैकेट-जर्सी बैन,दो घंटे पहले पहुंचना होगा

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की तरफ से 7 दिसंबर को बिलासपुर समेत प्रदेश के 16 जिलों में जल संसाधन विभाग के तहत अमीन (WRDA-25) भर्ती परीक्षा आयोजित की गई है। इस एग्जाम में प्रदेश भर में 2.30 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे।

वहीं, बिलासपुर में 126 परीक्षा केंद्रों में 38 हजार से ज्यादा उम्मीदवार एग्जाम देंगे। प्रतियोगियों को दो घंटे पहले एग्जाम सेंटर पहुंचना होगा। परीक्षा के दौरान जैकेट-जर्सी जैसे कपड़ों पर बैन है। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बाही वाले कपड़े और बिना पॉकेट वाली स्वेटर पहनकर परीक्षा देनी होगी।

व्यापम ने परीक्षा के लिए दिशानिर्देश जारी किया है। इसके अनुसार परीक्षार्थियों को एक दिन पहले अपने परीक्षा केन्द्र जाकर देखने कहा है, ताकि उन्हें परीक्षा के दिन किसी तरह की कोई असुविधा न हो। परीक्षार्थियों को एग्जाम शुरू होने से 2 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा, ताकि उनका फिक्सिंग और फोटो युक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके।

30 मिनट पहले बंद हो जाएगा गेट

व्यापम ने स्पष्ट किया है कि, परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। चूंकि, यह परीक्षा दोपहर 12.00 बजे शुरू होगा। इसलिए मेन गेट को 11.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसलिए परीक्षार्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने कहा गया है।

परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बाही वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देना होगा। काले, गहरे, नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग और गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति रहेगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर के लिए हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा।

परीक्षा हॉल में ये रहेगा बैन

जारी निर्देश के अनुसार, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने के बाद ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहने। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।

परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घडी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पेन लेकर ही आना होगा।

Exit mobile version