DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भारत-बांग्लादेश सीमा पर पहुंचे अमित शाह, बीएसएफ के साथ सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सिलीगुड़ी, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी शहर के बाहरी इलाके में स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 18वीं बटालियन की चौकी का दौरा किया और क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। शाह शुक्रवार रात पश्चिम बंगाल पहुंचे थे। उनके ‘प्रहरी सम्मेलन’ को संबोधित करने, बीएसएफ कर्मियों से संवाद करने, एक पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेने तथा बीएसएफ से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने का कार्यक्रम है। 

सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ परिसर में शाह के राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, गृह सचिव संघमित्रा घोष, बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के महानिदेशक राकेश अग्रवाल, राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता, उत्तर बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक सुकेश जैन तथा खुफिया ब्यूरो (आईबी) के संयुक्त निदेशक के साथ बैठक करने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मुख्य रूप से ‘चिकन नेक’ के नाम से प्रसिद्ध सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा होने की संभावना है। 17 से 22 किलोमीटर लंबा यह महत्वपूर्ण क्षेत्र पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को शेष भारत से जोड़ने वाला एकमात्र जमीनी संपर्क का माध्यम है। यह गलियारा तीन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बीच स्थित है। इसके उत्तर में नेपाल, दक्षिण में बांग्लादेश और उत्तर-पूर्व में भूटान है। हाल ही में राज्य में बनी शुभेंदु अधिकारी सरकार ने इस क्षेत्र में सीमा पर बाड़ लगाने के लिए 120 एकड़ भूमि बीएसएफ को हस्तांतरित की है।

इसके साथ ही इस इलाके के सात महत्वपूर्ण राजमार्गों का प्रबंधन, जो पहले राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के राष्ट्रीय राजमार्ग प्रकोष्ठ के अधीन था, केंद्र सरकार को सौंप दिया गया है। शाह के आज उत्तर बंगाल स्थित राज्य सचिवालय की शाखा ‘उत्तर कन्या’ में सीमा प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर कई बैठकों की अध्यक्षता करने का भी कार्यक्रम है। इन बैठकों में राज्य में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन तथा जन्म और मृत्यु पंजीकरण से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की जाएगी।

Exit mobile version