सक्ती,एजेंसी। सक्ती जिले में अवैध जुआ और सट्टा पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस ने वार्ड नंबर 11 सोंठी में कार्रवाई की है। इस दौरान सट्टा खिलाते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल, नगदी और सट्टा सामग्री सहित कुल 7,510 रुपए का माल जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुन्दर दास महंत (57 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 11 सोंठी, थाना सक्ती का निवासी है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सायबर सेल टीम को 24 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी सुन्दर दास महंत अपने घर के सामने कागज और मोबाइल का उपयोग कर सट्टा पट्टी लिख रहा है और हार-जीत का दांव लगवा रहा है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में एक टीम ने मौके पर दबिश दी।
मौके से एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार
पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद अन्य लोग फरार हो गए, लेकिन आरोपी सुन्दर दास महंत को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7,000 रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी लिखा कागज, एक डॉट पेन और 510 रुपए नगद बरामद किए गए। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए सुन्दर दास महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
