डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर लगाई मिट्टी, भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
रायगढ़,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रविवार रात किसी अज्ञात शख्स ने बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर मिट्टी लगा दी। आज सुबह जानकारी लगने के बाद भीम आर्मी और सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आंदोलन शुरू कर दिया। अज्ञात आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
कलेक्ट्रेट कार्यालय रोड पर अंबेडकर चौक पर बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। जहां सोमवार सुबह करीब दस बजे लोगों ने देखा कि बाबा साहब की प्रतिमा पर किसी ने मिट्टी पोत दिया है।

जमीन में बैठकर जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
जिसके बाद धीरे-धीरे मामले की जानकारी भीम आर्मी समेत अन्य समाज के लोगों और कांग्रेस के पदाधिकारियों को होने लगी। ऐसे में सभी यहां जमां हो गए और बाबा की प्रतिमा का इस तरह अपमान करने को लेकर आक्रोशित होकर नारेबाजी शुरू कर दी।
भीम आर्मी के लोग यहां जमीन पर बैठकर आंदोलन शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। तब तक मामले की सूचना प्रशासन और पुलिस को लग चुकी थी।
ऐसे में एसडीएम समेत अलग-अलग थाना के थानेदार और पुलिस बल मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाईश देने लगे, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं था। सभी का एक स्वर में कहना था कि दोषियों पर कार्रवाई हो।
दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार महेश ने कहा कि रायगढ़ एक शांतिप्रिय जगह है और यहां इस प्रकार का कृत्य किया गया है। हम चाहते हैं कि जो भी ऐसा किया है, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए।
बाबा साहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि बाबा साहेब का अपनाम हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। जो ऐसा किया है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए। तत्काल उन्हें पकड़ा जाए और ऐसी कार्रवाई किया जाए कि दोबारा इस तरह का प्रयास न कर सके।
यहां चारो तरफ प्रशासन सीसीटीवी कैमरा लगाए। ताकि दोबारा ऐसा कोई न कर सके। असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किया जाए।
सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग अंबेडकर चौक पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया
FIR दर्ज कर रहे, कड़ी कार्रवाई की जाएगी
SDM महेश शर्मा ने बताया कि बाबा की प्रतिमा पर असामाजिक तत्व द्वारा ऐसा कृत्य किया गया है। वह प्रशासन के संज्ञान में आया है। मामले में FIR दर्ज किया जा रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। आसपास के CCTV कैमरे को चेक किया गया है। असामाजिक तत्वों ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है। मामले में FIR कर रहे हैं। जो भी व्यक्ति शामिल होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई नहीं हुई तो 3 दिन बाद उग्र आंदोलन
अंबेडकर चौक पर विरोध के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने समझाइश दी कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद यहां बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को पानी से धोया गया।
सर्व समाज की ओर से कलेक्टर के नाम एक आवेदन दिया गया। जिसमें आरोपियों के कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा अल्टीमेटम दिया गया है कि 3 दिन के भीतर अगर मामले में कार्रवाई नहीं की जाती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
