DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

आनंद बाजार बन जाएगा मिनी चौपाटी

कोरबा। शहर की सड़कों और फुटपाथों से हटाकर आनंद बाजार में छोटे कारोबारियों को विस्थापित किया गया है। बुधवार रात 8 बजे नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बुधवारी बाजार के सामने नवनिर्मित इस आनंद बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों से संवाद किया। निगम अधिकारियों को पूरे परिसर में लाइटिंग दुरुस्त करने और इसे एक मिनी चौपाटी के रूप में विकसित करने निर्देशित किया।

निगम ने बुधवारी बाजार के सामने पौनी पसारी मैदान के चारों ओर 50 पक्की दुकानों का निर्माण कराया है। सड़क किनारे असुरक्षित रूप से ठेला व दुकान लगाने वाले लघु व्यवसायियों को यहां स्थाई रूप से विस्थापित किया गया है, जहां अब व्यापार सुचारू रूप से शुरू हो चुका है। इससे मुख्य मार्ग पर जाम से मुक्ति मिलेगी। बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार को सुंदर और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही एक अन्य पुराने प्रवेश मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा, ताकि ग्राहकों की आवाजाही आसान हो। मैदान के बीचों-बीच पेवर ब्लॉक बिछाकर इसे मिनी चौपाटी के रूप में ढाला जाएगा।

बुधवारी बाजार की बाउंड्रीवॉल के पास सड़क पर लगने वाले ठेले अब इसी चौपाटी के अंदर शिफ्ट किए जाएंगे, जिससे मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। रात के समय खरीदारों को आकर्षित करने और सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग किए जाएंगे। व्यवसायियों से अपील की गई है कि सड़क किनारे दुकान लगाने से बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का अंदेशा रहता है। पारंपरिक व्यवसायियों के लिए पौनी पसारी शेड में पसरा दुकानें आवंटित की गई हैं।

Exit mobile version