DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी भर्ती मामला : जनपद सदस्यों ने किया बैठक का बहिष्कार

कहा- मनोज अग्रवाल को हटाने के बाद ही होगी भर्ती
कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा । महिला एवं बाल विकास विभाग कुछ न कुछ मामलों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहा है। अब मामला आंगनबाड़ी भर्ती ने तूल पकड़ लिया है। चोटिया परियोजना के तहत 76 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती गत एक साल से लटकी पड़ी है और प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल की भ्रष्ट कार्यशैली के कारण अब चुनाव में जीत कर आए नए जनपद सदस्यों में आक्रोश है। गत 19 जून को जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में सामान्यसभा आयोजित थी, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जनपद अध्यक्ष माधुरी तंवर, महिला बाल विकास समिति की सभापति पूजा दुबे सहित सभी सदस्यों ने प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल के खिलाफ आक्रोश जताया और कहा कि मनोज अग्रवाल द्वारा साल भर से अभ्यर्थियों से वसूली की जा रही है, तत्काल जांच होनी चाहिए और प्रभारी अधिकारी को हटाकर नए अधिकारी की नियुक्ति के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। सभी सदस्यों की मांग पर सीईओ जयप्रकाश डड़सेना ने जांच टीम गठित की। इसके बाद परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल ने 20 जून को लेटर जारी किया और 25 जून को चयन सूची के लिए सदस्यों की बैठक बुलाई, जिसका सभी सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया और कहा कि परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल जब तक नहीं हटेंगे, भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
कलेक्टर से मिलेंगे सदस्य
महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति पूजा दुबे ने कहा कि प्रभारी अधिकारी मनोज अग्रवाल को तत्काल हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर से मुलाकात करेंगे और वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा है कि प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल भ्रष्टकार्यशैली के अधिकारी हैं और जबतक उन्हें नहीं हटाया जाता, चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी भर्ती की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। मनोज अग्रवाल को हटाने के बाद ही निष्पक्ष जांच संभव है।

Exit mobile version