DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

झाड़ू में छिपा बैठा था गुस्सैल कोबरा, जितेंद्र सारथी ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा। विकासखंड करतला के ग्राम कुदुरमाल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में रखी झाड़ू के बीच एक खतरनाक कोबरा छिपा हुआ दिखाई दिया, कोबरा को देखते ही पटेल परिवार के लोगों में दहशत फैल गई, परिवार ने उसको भगाने के प्रयास किया पर उसके आवाज को सुन कर हिम्मत नहीं जुटा पाए, फिर परिवार ने तत्काल इसकी सूचना वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम प्रमुख एवं वन विभाग सदस्य जितेंद्र सारथी को दी।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी कुछ ही समय बाद कुदुरमाल गांव पहुंचे, मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी, झाड़ू के बीच छिपा कोबरा काफी गुस्सैल अवस्था में था, जिसके कारण रेस्क्यू के दौरान विशेष सावधानी बरती गई।

जितेंद्र सारथी ने निर्धारित रेस्क्यू प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बेहद सावधानी और सुरक्षित तरीके से कोबरा को रेस्क्यू कर रेस्क्यू बैग में सुरक्षित किया, सांप के सुरक्षित निकलने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली, फिर उसे प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।

ग्रामीणों ने जताया आभार

रेस्क्यू के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने जितेंद्र सारथी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे अक्सर उन्हें टीवी और समाचारों में वन्यजीवों का रेस्क्यू करते हुए देखते थे, लेकिन आज पहली बार उन्हें अपने गांव में प्रत्यक्ष रूप से कोबरा का रेस्क्यू करते देखा, ग्रामीणों ने कहा कि इतनी दूर स्थित गांव में सूचना मिलने के बाद समय पर पहुंचकर जिस तरह सुरक्षित तरीके से कोबरा को पकड़ा गया, उससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

ग्रामीणों ने कहा कि वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और उन्हें सुरक्षित बचाने का यह कार्य सराहनीय है, समय रहते रेस्क्यू होने से परिवार और ग्रामीणों में बनी दहशत भी समाप्त हुई।

Exit mobile version