DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिजली बिल हॉफ योजना सीमित करना जनविरोधी:कांग्रेस का आरोप, 100 यूनिट तक ही छूट देना अन्याय, कल सीएम का पुतला दहन करेंगे

जांजगीर-चांपा। जांजगीर में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं के साथ अन्याय का आरोप लगाया है। जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार, प्रवक्ता रफीक सिद्दीकी, पूर्व नपाध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल और गिरधारी यादव ने प्रेस वार्ता में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बिजली बिल हॉफ योजना को सीमित करना जनविरोधी निर्णय है। अब केवल 100 यूनिट तक की खपत पर ही छूट दी जा रही है। इससे अधिक खपत वालों को पूरी राशि चुकानी पड़ेगी।

कांग्रेस बोली- भाजपा सरकार ने बिजली दरें चार बार बढ़ाई

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि उनके शासनकाल में 400 यूनिट तक बिल हॉफ मिलता था। इससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने न सिर्फ इस योजना को सीमित किया है। बल्कि बीते डेढ़ साल में बिजली दरें चार बार बढ़ा दी है।

नेताओं ने कहा कि घरेलू, कृषि व व्यावसायिक वर्ग के लिए यह महंगाई बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर गलत बिल भेजे जा रहे हैं। अब प्रीपेड मीटर के जरिये जनता को परेशान करने की तैयारी हो रही है।

कांग्रेस ने इस निर्णय के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत कल सीएम का पुतला दहन किया जाएगा।

Exit mobile version