संवाददाता साबीर अंसारी
बांकीमोंगरा :– “सपने वही पूरे होते हैं, जिनके पीछे मेहनत और हौसला दोनों हों।” इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है बांकीमोंगरा की होनहार बेटी अर्ची अग्रवाल ने। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा आयोजित मई 2026 की CA फाइनल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का गौरव हासिल किया है।
अर्ची की इस उपलब्धि ने पूरे बांकीमोंगरा और कोरबा जिले को गौरवान्वित कर दिया है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अर्ची के पिता उमेश कुमार अग्रवाल और माता सरिता अग्रवाल ने बताया कि बेटी ने शुरू से ही अपने लक्ष्य को लेकर गंभीरता दिखाई। कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उसने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके परिवार के लिए जीवन का सबसे गर्वपूर्ण पल है।
परिवार के वरिष्ठ सदस्य पवन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल और प्रदीप अग्रवाल ने भी अर्ची की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। उन्हें विश्वास है कि अर्ची भविष्य में अपने ज्ञान, ईमानदारी और प्रतिभा से समाज में नई पहचान बनाएंगी।
गौरतलब है कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की परीक्षा देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में शामिल मानी जाती है। इसे उत्तीर्ण करने के लिए वर्षों की कठिन मेहनत, धैर्य, अनुशासन और मजबूत संकल्प की आवश्यकता होती है। ऐसे में अर्ची अग्रवाल की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखकर उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
बांकीमोंगरा सहित पूरे कोरबा जिले में अर्ची अग्रवाल की इस उपलब्धि की सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी और क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी अपने सपनों को साकार करने की नई ऊर्जा देगी।
